29 अगस्त 2014 - 10:31
इराक़ में 7 गांव आतंकवादियों के चंगुल से छूटे।

इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र की पीशमर्गा फ़ोर्सेज़ ने उत्तरी इराक़ के मूसिल शहर में स्थित महत्वपूर्ण बांध के निकट स्थिति 7 गावों को आतंकवादी गुट आईएसआईएस के नियंत्रण से स्वतंत्र करा लिया है।

अबनाः इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र की पीशमर्गा फ़ोर्सेज़ ने उत्तरी इराक़ के मूसिल शहर में स्थित महत्वपूर्ण बांध के निकट स्थिति 7 गावों को आतंकवादी गुट आईएसआईएस के नियंत्रण से स्वतंत्र करा लिया है।
इराक़ के अलइराक़िया टीवी चैनल की गुरुवार की रिपोर्ट के अनुसार, "पीशमर्गा फ़ोर्सेज़ ने मूसिल बांध के आस पास के सात महत्वपूर्ण गावों को छुड़ा लिया है।"
एक इराक़ी अधिकारी ने बताया कि पीशमर्गा फ़ोर्सेज़ ने उत्तरी क़स्बे राबिया के निकट स्थित महमूदिया गांव को आज़ाद करा लिया है जिसके नतीजे में इराक़ का सबसे बड़ा बांध और उसके आस-पास के क्षेत्र नियंत्रण में हैं। इसके इलावा पीशमर्गा फ़ोर्सेज़ ने ज़ुमर शहर के निकट स्थित ऐन ज़लह आयल फ़ील्ड से तकफ़ीरी आतंकवादियों को खदेड़ दिया है।
इस बीच उत्तरी इराक़ के सलाहुद्दीन प्रांत में इराक़ी सेना के सूत्र ने बताया कि अमरली क़स्बे में आईएसआईस के आतंकवादियों के विरुद्ध व्यापक कार्यवाही जारी है जहां इराक़ी सेना ने आईएसआईएस के 29 आतंकवादियों को ढेर कर दिया है।
इस वर्ष के आरंभ से इराक़ को तकफ़ीरी आतंकवादी गुट आईएसआईएस और इससे जुड़े आतंकवादियों के उत्पात का सामना है। आईएसआईएस के आतंकवादियों ने उत्तरी और पश्चिमी इराक़ के कुछ क्षेत्रों पर क़ब्ज़ा कर लिया है। जून में इराक़ में स्थिति उस समय ख़राब हो गयी जब आईएसआईएस ने अपने नियंत्रण वाले क्षेत्रों में कथित ख़िलाफ़त की घोषणा कर दी। आईएसआईएस के आतंकवादियों ने अपने नियंत्रण वाले क्षेत्रों में नागरिकों व सुरक्षा कर्मियों के जनसंहार सहित ऐसे जघन्य अपराध किए हैं जिनसे मानवता शर्मा जाए।
इराक़ी सेना, पीशमर्गा फ़ोर्सेज़ और हज़ारों स्वंयसेवियों के साथ मिलकर आईएसआईएस के विरुद्ध लड़ रही है ताकि उसे क़ब्ज़ा किए गए क्षेत्रों से निकाल बाहर करे।